April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के 24वें सीएम के तौर पर सम्राट चौधरी ने ली शपथ, पहली बार राज्य में बनी बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार

पटना। बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के 24वें सीएम के तौर पर शपथ ली। गवर्नर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को शपथ दिलाई। डिप्टी सीएम के तौर पर जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी शपथ ली। इसके साथ ही बिहार में पहली बार बीजेपी के सीएम ने पद संभाला। इससे पहले बिहार में 20 साल जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार सीएम रहे।

सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी बिहार के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे। उनकी मां का नाम पार्वती देवी है। सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को बिहार के मुंगेर जिले के लखनपुर में हुआ था। सम्राट चौधरी का राजनीतिक करियर 1999 में शुरू हुआ था। वो उस वक्त आरजेडी की राबड़ी देवी सरकार में कृषि मंत्री बने थे। हालांकि, उम्र के मसले पर सवाल खड़ा हुआ और फिर सम्राट चौधरी को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। सम्राट चौधरी ने बीजेपी ज्वॉइन करने से पहले नीतीश कुमार के नेतृत्व में जेडीयू से भी राजनीति कीI

सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को सीएम पद से हटाने का भी एक बार संकल्प लिया था। जब नीतीश कुमार बीजेपी का साथ छोड़कर इंडी गठबंधन में चले गए और बिहार में आरजेडी और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई, तब सम्राट चौधरी ने कसम खाई थी कि नीतीश कुमार को सीएम पद से हटाने के बाद ही वो सिर पर बांधा मुरेठा (पगड़ी) उतारेंगे। हालांकि, नीतीश कुमार जब पिछले लोकसभा चुनाव से पहले फिर बीजेपी के साथ आ गए, तो सम्राट चौधरी ने मुरेठा उतारकर सिर मुंडवाया था। इसे समय का फेर ही कहेंगे कि जिन नीतीश कुमार को सम्राट चौधरी ने बिहार के सीएम पद से उतारने की कसम खाई थी, उन्होंने मंगलवार को खुद ही एनडीए के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सीएम बनाने का प्रस्ताव किया। अब सम्राट चौधरी बिहार के सीएम बन गए हैं, लेकिन नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार को वो दिशा-निर्देश देते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *