April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 में से 110 सीटों पर बीजेपी की जीत का अमित शाह ने किया दावा

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग के बाद आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कांफ्रेंस की। शाह ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि बीजेपी पहले चरण की 152 में से 110 सीटें जीतेगी। अमित शाह ने कहा, अभी जिन क्षेत्रों में चुनाव होना बाकी है मैं आज वहां के लोगों को भी यह कहना चाहता हूं कि बीजेपी सरकार बनने के बाद व्यापारियों से कोई ‘भतीजा टैक्स’ नहीं लिया जाएगा। हम सिंडिकेट को खत्म कर देंगे। प्रशासन का जो राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण हुआ है, हम बंगाल की जनता को इस नासूर से मुक्त कराएंगे।

अमित शाह ने कहा, मुझे किसी तरह का आश्वासन देने की जरूरत नहीं है, हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, हमारी सबसे टॉप प्राथमिकताओं में से एक महिला सुरक्षा रही है और हमने यह करके भी दिखाया है। बंगाल की माताओं, बहनों को भी इस बात का पूरा भरोसा है। किसी भी पार्टी की यह प्राथमिकता होनी चाहिए लेकिन महिला मुख्यमंत्री की सरकार में भी ऐसा नहीं हो पाया। बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में बीजेपी आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्म लेने वाला, बंगाली मीडियम में ही पढ़ा-लिखा और बंगाली बोलने वाला होगा। वह आपका (ममता बनर्जी का) भतीजा नहीं होगा, वह बीजेपी का कार्यकर्ता होगा।

गृह मंत्री ने कहा, बंगाल विधानसभा 2026 के चुनाव के प्रथम चरण में बंगाल की जनता ने अभूतपूर्व उत्साह और जोश के साथ बंगाल में परिवर्तन के लिए वोट डाला। मतदान का जो प्रतिशत सामने आया है वो पूरे देश में लोकतंत्र में विश्वास रखने वालों के लिए उत्साहजनक है। मैं पहले चरण में मतदान करने वाले बंगाल के सभी मतदाताओं का अभिनन्दन करना चाहता हूं और उनको धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने भय से भरोसे की ओर यात्रा को बहुत अच्छे तरीके से शुरू किया और विश्वास करता हूं कि दूसरे चरण के मतदाता भी इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *