केएल राहुल ने आईपीएल में हासिल किया एक और मुकाम, ऐसा करने वाले पहले भारतीय ओपनर बल्लेबाज बने
नई दिल्ली। आईपीएल के मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम के ओपनर केएल राहुल जबर्दस्त फॉर्म में हैं और मैच दर मैच बल्लेबाजी के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में केएल राहुल ने शानदान प्रदर्शन करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और 40 गेंदों में 75 रन बनाए। इस पारी में राहुल ने ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए तथा इन छक्कों की बदौलत राहुल ने आईपीएल ने एक नया मुकाम हासिल किया है।
आईपीएल में केएल राहुल ने बतौर ओपनर 200 छक्के पूरे कर लिए हैं जोकि एक रिकॉर्ड है। केएल राहुल आईपीएल इतिहास में 200 छक्कों का आंकड़ा पूरा करने वाले पहले भारतीय ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं अगर आईपीएल के ओवरऑल ओपनर बल्लेबाजों की बात करें तो केएल राहुल सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उनके आगे क्रिस गेल और डेविड वॉर्नर हैं। बतौर ओपनर क्रिस गेल ने आईपीएल में 326 छक्के, डेविड वॉर्नर ने 210, केएल राहुल ने 203, विराट कोहली ने 192 और फाफ डु प्लेसिस ने 159 छक्के लगाए हैं।
ओपनर बल्लेबाज के तौर पर आईपीएल में केएल राहुल सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर हैं। राहुल ने अभी तक आईपीएल में बतौर ओपनर बल्लेबाज 112 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 50.01 के औसत से 4851 रन बनाए हैं। आईपीएल में राहुल ने 6 शतक लगाए हैं जबकि 39 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। ओपनिंग बल्लेबाज के रूप में केएल राहुल 5000 रनों के आंकड़े से सिर्फ 149 रन पीछे हैं। 149 रन और बनाने के बाद राहुल 5000 रनों के माइलस्टोन पर पहुंच जाएंगे और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वो तीसरे भारतीय ओपनर खिलाड़ी होंगे। राहुल से पहले शिखर धवन और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
