May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमेरिका और ईरान के बीच तीन मुद्दों पर सहमति बनने के आसार, ट्रंप बोले, शर्तें नहीं मानी तो शुरू कर देंगे बमबारी

नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका में युद्ध खत्म करने को लेकर सहमति बनती नजर आ रही है। Axios की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच 3 बड़े मुद्दों पर सहमति बन गई है और अगले 48 घंटों में एक पेज के समझौता पत्र पर साइन हो सकते हैं। हालांकि 14 सूत्रीय समझौते पर 11 को लेकर अभी बात नहीं बन पाई है मगर ऐसा कहा जा रहा है कि अगले 30 दिन में दोनों देश इस मुद्दे को सुलझा लेंगे। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर समझौते का दबाव बनाते हुए हमले की धमकी दी है।

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, अगर ईरान तय शर्तों को मानने के लिए तैयार हो जाता है (जो कि शायद एक बड़ी धारणा है), तो पहले से ही चर्चित ऑपरेशन एपिक फ्यूरी रोक दिया जाएगा और बेहद प्रभावी नाकाबंदी के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान समेत सभी देशों के लिए खुल जाएगा। अगर ईरान समझौते की शर्तों पर सहमत नहीं होता है, तो उस पर बमबारी शुरू हो जाएगी और दु:ख की बात है कि यह पहले से कहीं अधिक उच्च स्तर और तीव्रता की होगी।

इन तीन मुद्दों पर सहमति बनने के आसार

– ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और यूरेनियम संवर्धन नहीं करेगा। ईरान एनरिच्ड यूरेनियम को देश से बाहर भेजने पर भी सहमत हो सकता है।

– अमेरिका ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटा देगा। इसके तहत ईरान की फ्रीज की हुई रकम भी लौटाई जाएगी। ईरान को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी आर्थिक सहायता मिलेगी।

– होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोला जाएगा। ईरान होर्मुज के रास्ते से सभी जहाजों को गुजरने देगा और अमेरिका भी किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करेगा।

रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले दौर की शांतिवार्ता इस्लामाबाद या जिनेवा में हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *