हिमाचल प्रदेश के चंबा में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी इनोवा कार, 6 लोगों की मौत, 4 घायल
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे एनएच 154ए पर सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 अन्य घायल हैं। इनोवा में सवार लोग गुजरात के पर्यटक थे। यह सब लोग मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। जिस वक्त यह दुर्घटना हुई वहां पर तेज बारिश हो रही थी। माना जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से सड़क पर फिसलन हो गई और संभवत: इसी वजह से ड्राइवर कार को नियंत्रित नहीं कर पाया।
दुर्घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस और प्रशासन को हुई उसके तुरंत बाद ही घटनास्थल पर रेस्क्यू टीम भेजी गई। चूंकि घटना रात 3 बजे के आसपास की है इसलिए अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वहां से निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के पास घायलों को टमेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। खाई से 6 लोगों के शव भी निकाल लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार मंडी जिले की बताई जा रही है। इससे यह अंदाजाा लगाया जा रहा है कि पर्यटक किराए की टैक्सी बुक करके डलहौजी जा रहे थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की असल वजह पता लगाने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान ललित भाई फटनानी, ममता बेन पत्नी ललित भाई, प्रियंक कनहिया लाल, काजल पत्नी प्रियंक कनहिया, दियांश पुत्र प्रियंक कनहिया के रूप में हुई है ये सभी गुजरात के रहने वाले थे। वहीं जसवंत पुत्र हरी सिंह निवासी तहसील जोगिंद्र नगर जिला मंडी के रहने वाले थे। संभवत: जसवंत यह कार के ड्राइवर होंगे।
