May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

फिटनेस में दुरुस्त थे मुलायम के बेटे प्रतीक यादव, अचानक मौत से सभी हैरत में, जानिए अस्पताल पहुंचकर ड्राइवर ने क्या बताया था?

लखनऊ। सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के दूसरे बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया। प्रतीक यादव के परिवार में पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियां हैं। प्रतीक ने लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वो बिजनेस करते थे। प्रतीक यादव के निधन के कारण की जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही होगी। हालांकि, बीते दिनों प्रतीक यादव बीमार होकर कुछ दिन लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती रहे थे।

लखनऊ के सरकारी सिविल अस्पताल के प्रमुख डॉक्टर जीपी गुप्ता ने मीडिया को बताया कि प्रतीक यादव का ड्राइवर बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके पास आया। ड्राइवर ने डॉ. गुप्ता से कहा कि भइया को कुछ हो गया है। जल्दी घर चलिए। इस पर सिविल अस्पताल प्रमुख ने एक डॉक्टर को प्रतीक यादव के घर भेजा। डॉ. जीपी गुप्ता के मुताबिक प्रतीक यादव की धड़कन बंद हो चुकी थी। इसके बाद प्रतीक को सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी मौत पहले ही होने की बात कही। इसके बाद प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लखनऊ के केजीएमयू भेजा गया। बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव की पत्नी और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव असम गई थीं।

प्रतीक की मां का नाम साधना गुप्ता था। वो मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। प्रतीक भले ही सौतेले भाई थे, लेकिन मुलायम सिंह यादव के बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उनसे बहुत अच्छी निभती थी। प्रतीक यादव के निधन के बाद अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। प्रतीक यादव काफी फिट हुआ करते थे। ऐसे में उनके आकस्मिक निधन पर सभी हैरत में हैं। प्रतीक को महंगी गाड़ियों और जिम का शौक था। लखनऊ की इकलौती लैम्बॉर्गिनी कार प्रतीक की ही है। उनकी पत्नी अपर्णा परिवार के बाकी सदस्यों से अलग हटकर बीजेपी में शामिल हुईं। उन्होंने इसके लिए अपने ससुर मुलायम सिंह यादव से आशीर्वाद भी लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *