सीएम योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर में हुए पुल हादसे का लिया संज्ञान, रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी के दिए निर्देश
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के गिर जाने की घटना में अब तक छह मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कुछ अन्य अभी भी फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि तेज तूफान की वजह से यह दुर्घटना हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के समन्वय से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा है कि वो मृतकों के परिवारों से सीधे संपर्क स्थापित करें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें। योगी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, इस दुखद हादसे में हुई जानमाल की हानि अत्यंत पीड़ादायक और दिल दहला देने वाली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को उनके दिव्य चरणों में स्थान मिले और घायल शीघ्र स्वस्थ हों।
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा के अनुसार गुरुवार देर रात तकरीबन 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का एक बड़ा हिस्सा गिर गया है। पुल के नीचे सो रहे कई मजदूर मलबे में दब गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम ने वहां पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। कुछ देर बात एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू में जुट गई। अब तक 6 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। मलबा हटाने का काम जारी है।
