रेसलर विनेश फोगाट को शीर्ष अदालत से राहत, एशियन गेम्स के ट्रायल में हिस्सा लेने की मिली अनुमति
नई दिल्ली। भारत की जानी मानी रेसलर विनेश फोगाट को आज शीर्ष अदालत से बड़ी राहत मिली है। सर्वोच्च न्यायालय ने उनको एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति प्रदान कर दी है। विनेश अब 30 और 31 मई को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में शामिल हो सकेंगी। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए कहा कि विनेश कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं उन्होंने पहले भी देश का नाम रोशन किया है। उनके नाम कई उपलब्धियां हैं लेकिन देश पहले है।
बेंच ने विनेश फोगाट से कहा कि कल ही ट्रायल हैं इसलिए हम आपको इसमें हिस्सा लेने से रोकना नहीं चाहते, हालांकि कुछ सवाल हैं जिसके आपको जवाब देने होंगे। शीर्ष अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 1 जून की तारीख तय की है। दरअसल इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी थी मगर भारतीय कुश्ती संघ ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने विनेश से कहा कि आपने पहले ब्रेक लिया, फिर आप मां बनीं। उसके बाद आपनी वापसी करनी चाही लेकिन डोपिंग टेस्ट में हिस्सा नहीं लिया। इसके बाद आपने अपनी लोकेशन का अपडेट भी नहीं दिया। बाद में आपने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही में व्यस्त थीं लेकिन आपका स्पष्टीकरण स्वीकार नहीं किया गया।
गौरतलब है कि कुश्ती संघ ने डोपिंग-रोधी नियमों का हवाला देते हुए विनेश फोगाट को 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से अयोग्य घोषित किया। फेडरेशन ने कहा था कि किसी खिलाड़ी को संन्यास के बाद वापसी करने पर 6 महीने का अनिवार्य नोटिस पीरियड पूरा करना होता है। विनेश फोगाट ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एशियन गेम्स के ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति मांगी थी जो उनको मिल गई थी।
