June 11, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा का दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में जिम है। इस जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। पुलिस को जानकारी दी गई है कि बाइक सवार बदमाश गुरु रंधावा के जिम के बाहर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग के बाद फरार हो गए। फायरिंग से गुरु रंधावा के जिम के शीशे टूटने की जानकारी है। इस वारदात में कोई चोटिल नहीं हुआ है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो क्लिप वायरल हुई। जिसमें वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह की ओर से ली गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले अनिल पंडित ने कहा है कि गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग इसलिए की गई, क्योंकि सिंगर की एक्टर सलमान खान से नजदीकी बढ़ रही है। अब तक इस ऑडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई का गैंग सलमान खान की हत्या करने की कई बार धमकी दे चुका है। गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग की घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज देखकर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पर आए ऑडियो की भी पुलिस जांच करा रही है।

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई भले ही जेल में है, लेकिन उसके गैंग से जुड़े लोग आए दिन इस तरह की घटनाएं करते हैं। लॉरेंस गैंग ने कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर भी फायरिंग की थी। सलमान खान के फ्लैट पर भी लॉरेंस गैंग फायरिंग करा चुका है। सलमान खान पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म की शूटिंग के दौरान काले हिरण का शिकार किया था। जिसकी वजह से लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान की हत्या करना चाहता है। लॉरेंस गैंग पर सलमान से करीबी रखने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या कराने का भी आरोप लग चुका है। गुरु रंधावा को पहले भी लॉरेंस गैंग ने चेतावनी दी थी कि वो सलमान से दूरी बना लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *