June 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘बेटी तो बेटी होती है…मैंने एफआईआर के लिए कहा’, अखिलेश यादव की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पोस्ट पर सीएम योगी का बयान

आजमगढ़। यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के बारे में अभद्र और फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बयान दिया है। सीएम योगी ने आजमगढ़ में शनिवार को कहा कि पिछले दिनों उन्होंने देखा कि अखिलेश यादव की बेटी के बारे में कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की। सीएम योगी ने कहा कि जैसे ही ये मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत पुलिस को कहा कि एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। सीएम योगी ने कहा कि बेटी तो बेटी होती है। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं।

सीएम योगी ने साथ ही नसीहत देते हुए कहा कि हम तो संस्कार में पले और बढ़े हैं। कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन। सीएम योगी ने कहा कि हमने कभी भेदभाव नहीं किया, लेकिन अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हैं। पहले अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दें कि वे अपनी भाषा संयमित रखें। सीएम योगी ने कहा कि दूसरों के बारे में टिप्पणी करने से पहले खुद सोचना चाहिए कि उनके लोग किस प्रकार की भाषा बहन, बेटियों, बुजुर्गों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि उनको (अखिलेश यादव) भी अपने लोगों को संस्कारित करने की जरूरत है।

अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ फर्जी और अमर्यादित पोस्ट करने के मामले में सपा की अधिवक्ता सभा के सचिव प्रवीण यादव ने कानपुर पुलिस से शिकायत की थी। कानपुर पुलिस के साइबर क्राइम थाने ने भारत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। तीनों ही आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव की बेटी पर चोरी और आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगाए। साथ ही फोटो एडिट कर प्रसारित किया। जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *