जी-7 में मोदी और ट्रंप की गर्मजोशी से हुई मुलाकात, मुस्कुराते हुए हाथ मिलाकर एक-दूसरे का किया अभिवादन
नई दिल्ली। फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 समिट के दौरान आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस दौरान दोनों ने आपस में कुछ बात भी की। मोदी और ट्रंप की यह अनौपचारिक छोटी सी मुलाकात काफी दोस्ताना रही। ट्रंप और मोदी कल यानी 17 जून को एक साथ बैठकर द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें भारत और अमेरिका से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
लगभग 16 महीनों के बाद मोदी और ट्रंप एक-दूसरे से मिले हैं। इससे पहले फरवरी 2025 में पीएम मोदी की वॉशिंगटन यात्रा के दौरान ट्रंप से उनकी मुलाकात हुई थी। हालांकि इस दौरान ट्रंप के मोदी के बीच फोन पर कई बार काफी लंबी लंबी बातचीत हो चुकी है। ईरान युद्ध, होर्मुज संकट, पश्चिम एशिया के हालात समेत तमाम मुद्दों पर ट्रंप और मोदी आपस में चर्चा करते रहे हैं। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मोदी को गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। आपको बता दें कि जी-7 में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं।
भारत बतौर गेस्ट जी-7 समिट में हिस्सा ले रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर ही जी-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। बतौर प्रधानमंत्री यह लगातार सातवीं बार है जब मोदी जी-7 समिट में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं भागीदार के रूप में भारत 13वीं बार जी-7 समिट में हिस्सा ले रहा है। इस समिट के दौरान पीएम मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भी मुलाकात करेंगे। वहीं इमैनुएल मैक्रों के द्वारा आयोजित गाला डिनर में भी सभी नेता एक दूसरे से मिलेंगे।
