June 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शिवसेना (यूबीटी) के 6 बागी सांसदों को मिलेगी वाई प्लस सुरक्षा, महाराष्ट्र सरकार ने जारी किया आदेश

नई दिल्ली। उद्धव ठाकरे से बगावत करने वाले शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों को महाराष्ट्र सरकार ने वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का आदेश जारी किया है। महाराष्ट्र के डीजीपी को गृह मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र में लिखा है कि संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव को तत्काल वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई जाए। माना जा रहा है कि संजय राउत के द्वारा बागी सांसदों को खुले तौर पर धमकी दिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल को देखते हुए सरकार ने 6 सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

उधर, शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, हमारी पार्टी का व्हिप जारी किया गया था इसके बावजूद 6 सांसद बैठक में नहीं पहुंचे, इसलिए, आज शाम तक उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। अपना पक्ष रखने के लिए उन्हें सात दिन का समय मिलेगा। आपको बता दें कि आज शिवसेना यूबीटी ने दिल्ली में अपने संसदीय दल की बैठक बुलाई थी जिसमें शामिल होने के लिए व्हिप भी जारी किया गया था। इसके बावजूद उस बैठक में सिर्फ तीन सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजा वाजे पहुंचे।

दूसरी तरफ शिवसेना यूबीटी में मचे इस पूरे बवाल पर केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने पत्रकारों के सवाल पर कहा, सांसदों ने जो भी लेटर लोकसभा अध्यक्ष को दिया नहीं दिया है, वो शिवसेना (यूबीटी) का अंदरूनी मामला है। लोकसभा स्पीकर इस पर फैसला लेंगे। शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत पर उन्होंने कहा, वो जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, उसके कारण ही शिवसेना (यूबीटी) खत्म हो रही है। गौरतलब है कि राउत ने बागी सांसदों को बुरा भला कहते हुए उनके लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था। इतना ही नहीं उन्होंने मीडिया से यह भी कहा था कि मेरे इन शब्दों को काटना मत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *