गौतम अडानी दुनिया के टॉप-5 अमीरों में शामिल, एलन मस्क से महज इतनी दूर
नई दिल्ली। अंबानी के बाद अब देश के रईसों में शामिल अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने भी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की फोर्ब्स सूची में जगह बना ली है। इस सूची में उन्हें पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, अडानी की कुल नेट वर्थ (Gautam Adani Net Worth) 123.1 अरब डॉलर है। अडानी ने Berkshire Hathaway के वॉरेन बफेट को पीछे छोड़ते हुए इस स्थान पर जगह बनाई है। बफेट 121.7 अरब डॉलर की कुल अनुमानित नेट वर्थ के साथ छठे पायदान पर आ गए हैं। इस सूची में एक और भारतीय का नाम शामिल है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को इस फोर्ब्स की सूची में आठवां स्थान हासिल हुआ है। इस तरह दुनिया के 10 सबसे रईस लोगों में दो भारतीय भी शामिल हो गए हैं। मुकेश अंबानी की कुल नेट वर्थ 103.70 अरब डॉलर आंकी गई है।
Tesla और SpaceX के मालिक Elon Musk को इस सूची में पहला स्थान प्राप्त है। उनकी कुल नेटवर्थ का अनुमान 269.70 अरब डॉलर लगाया जा रहा है। वहीं, जेफ बेजोस 170.2 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दूसरे पायदान पर हैं। फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट और उनके परिवार की कुल संपत्ति 166.8 अरब डॉलर अनुमानित है और इस संपत्ति के साथ वो इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
बिल गेट्स 130.2 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर काबिज हैं। लैरी एलिसन की कुल नेटवर्थ 107.6 अरब डॉलर आंकी गई है। इसी के साथ वो सातवें स्थान पर स्थित हैं। वहीं, लैरी पेज 102.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ इस लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं। सर्गेई ब्रिन ने 98.5 अरब डॉलर की कुल नेटवर्थ के साथ इस सूची में 10वां स्थान हासिल किया है।
