April 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से कुमार विश्वास को बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

नई दिल्ली। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से कुमार विश्वास को राहत मिली है। बता दें, 27 अप्रैल को कोर्ट में एक घंटे तक बहस चली थी जिसके बाद हाईकोर्ट ने फैसला सोमवार तक सुरक्षित रखा था। इसी को लेकर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए कुमार विश्वास की गिरफ्तारी पर रोक लगाकर उन्हें बड़ी राहत दी है।

बता दें कि कुमार विश्वास के खिलाफ रोपड़ में पर्चा दर्ज किया गया था। विश्वास के खिलाफ ये पर्चा केजरीवाल के खिलाफ दिए गए उस बयान को लेकर दर्ज किया गया जिसमें उन्होंने दिल्ली के सीएम को अलगाववादी समर्थक कहा था। इसके साथ ही कुमार ने उन्हें खुली बहस की चुनौती भी दी थी। इसी FIR में कांग्रेस नेता अलका लांबा भी शामिल थीं। लांबा पर भी कुमार की तरह ही आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग चैनलों में इंटरव्यू देकर केजरीवाल के खिलाफ भड़काऊ बयान दिए हैं।

इसके अलावा उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी आगाह किया था। अपने ट्वीट में कुमार विश्वास ने लिखा,”सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है, एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा, देश मेरी चेतावनी याद रखे!”।

आपको बता दें, कुमार विश्वास ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि वो पंजाब के सीएम बनना चाहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होता है तो फिर आजाद खालिस्तान के पीएम बन जाएंगे। कुमार विश्वास की इस टिप्पणी के बाद केंद्र सरकार ने उन्हें वाई सिक्योरिटी भी मुहैया कराई थी। कुमार विश्वास के इस बयान पर काफी बवाल भी देखने को मिला था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *