April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

India-France: मिलते ही PM मोदी को फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने लगाया गले, इन मुद्दों पर दोनों में बनी एकराय

पेरिस। भारत और फ्रांस की पहले से गाढ़ी दोस्ती अब और मजबूत हो रही है। इसका नजारा बुधवार को पेरिस में दिखा। पीएम नरेंद्र मोदी जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के सरकारी आवास एलिजी पैलेस पहुंचे, तो फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने उन्हें गले से लगा लिया। दोनों ने इसके बाद आपसी और द्विपक्षीय मसलों पर लंबी चर्चा की। पीएम इससे पहले जर्मनी और डेनमार्क की यात्रा के बाद फ्रांस पहुंचे थे। जहां हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया था। रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से मोदी और मैक्रों की मुलाकात और बैठक पर पूरी दुनिया की नजर थी। मोदी के फ्रांस पहुंचने से एक दिन पहले मंगलवार को ही मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से भी बात की थी।

मोदी और मैक्रों की मुलाकात के बाद विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि फ्रांस में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी वहां के विदेश मंत्री ज्यां येवेस लेड्रियन से बातचीत की। मोदी और मैक्रों की बातचीत के बारे में क्वात्रा ने बताया कि दोनों ने यूक्रेन और रूस की जंग के साथ अन्य मसलों पर भी बातचीत की। मोदी ने मैक्रों के साथ बात में भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने रक्षा, अंतरिक्ष और असैन्य परमाणु सहयोग पर भी अपनी राय रखी।

सबसे अहम कि भारत और फ्रांस ने माना कि वे एक-दूसरे को हिंद-प्रशांत इलाके में प्रमुख साझेदार के तौर पर देखते हैं। क्वात्रा ने बताया कि यूक्रेन के मसले पर भारत और फ्रांस के बीच यूक्रेन के मसले पर व्यापक समझ थी। दोनों ने माना कि इस मसले पर समन्वय और जुड़ाव महत्वपूर्ण है। दोनों ने तय किया कि वे रचनात्मक भूमिका निभाएंगे। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से खुलकर बात की। खास बात ये भी है कि मैक्रों हाल ही में दोबारा फ्रांस के राष्ट्रपति बने हैं। इस मायने में मोदी की ये यात्रा उनके साथ प्रगाढ़ रिश्तों को दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *