देश के पूर्व प्रधानमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता राजीव गांधी की 78वीं जयंती आज
नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता राजीव गांधी की आज 78वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने उनके समाधि स्थल वीर भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस समय रॉबर्ट वाड्रा के अलावा कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे व अन्य नेता भी दिखाई दिए। भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने साल 1984-89 के दौरान पद को संभाला था। यह आखिरी बार था जब कांग्रेस को लोकसभा में बहुमत मिला था। साल 1991 में लिट्टे के आत्मघाती हमलावर ने राजीव गांधी की हत्या कर दी थी। बता दें, 20 अगस्त 1944 को राजीव गांधी का जन्म हुआ था। 37 साल की उम्र में ही राजीव गांधी ने राजनीति में कदम रखा था।
प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धाजंलि
वहीं राजीव गांधी की 78वीं जयंती पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें श्रद्धाजंलि दी। प्रधानमंत्री ने भी राजीव गांधी की जयंती पर ट्वीट किया, और उन्होंने लिखा- ‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।’
राहुल गांधी ने अपने पिता को खास तरीके से किया याद
राजीव गांधी की जयंती पर राहुल गांधी ने अपने पिता को खास अंदाज से याद किया। उन्होंने ट्विटर पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “पापा, आप हर पल मेरे साथ, मेरे दिल में हैं। मैं हमेशा कोशिश करूंगा कि देश के लिए जो सपना आपने देखा, उसे मैं पूरा कर सकूं।” इसके साथ ही कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती पर हम उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हैं। 21वीं सदी के भारत के वास्तुकार के रूप में यह उनकी दूरदर्शिता ही थी, जिसने भारत में दूरसंचार और आईटी क्रांति की शुरुआत की। आज हम उनकी विरासत का जश्न मनाते हैं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर राजीव गांधी की एक फोटो साझा करते हुए कहा कि, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की जयंती पर हम उन्हें शत शत नमन करते हैं।
