नहीं रहे हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM वीरभद्र सिंह, PM मोदी ने जताया दुख, लिखा ये मैसेज
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रह चुके वीरभद्र सिंह का गुरुवार तड़के यहां इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कोविड-19 के बाद की जटिलताओं से तीन महीने की लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। आईजीएमसीएच के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक जनक राज ने कहा कि वीरभद्र सिंह का तड़के 3.40 बजे निधन हो गया, वह सोलन जिले के अर्की से मौजूदा विधायक थे। वह दो बार कोविड-19 से उबर चुके थे। उन्हें 5 जुलाई को दिल का दौरा पड़ा था और वह आईजीएमसीएच की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती थे। वीरभद्र सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।
पीएम मोदी ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा, वीरभद्र सिंह जी का लंबा राजनीतिक जीवन था, उनके पास समृद्ध प्रशासनिक और विधायी अनुभव था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य के लोगों की सेवा की। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। मैं उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ॐ शान्ति शान्ति शान्ति।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।
