June 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गांववालों ने उसकी मां को नग्न कर घुमाया, खंभे से बांधकर पीटा, लड़की लेकर भाग गया बेटा

कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक महिला के साथ मारपीट और उसे नग्न कर घुमाने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को बिजली के खंभे से बांधने की शिकायत भी मिली है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना महिला के बेटे के एक लड़की के साथ भाग जाने के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि लड़की की सगाई किसी और से होने वाली थी। लड़की की हरकत के बारे में पता चलने पर उसके परिवार वालों ने न्यू वंटामुरी गांव स्थित लड़के के घर पर हमला कर दिया और वहां तोड़फोड़ मचाई।

पुलिस ने बताया कि लड़की के घरवाले लड़के की मां को घसीट कर ले गए, उसे निर्वस्त्र कर घुमाया और फिर बिजली के खंभे से बांध दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को मुक्त कराया। घटना के संबंध में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। बेलगावी के पुलिस आयुक्त सिद्धरामप्पा ने कहा कि 24 वर्षीय अशोक और 18 वर्षीय प्रियंका, दोनों एक ही समुदाय और एक ही गांव के हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 12:30 बजे दोनों गांव से भाग गए।

लड़की के माता-पिता और रिश्तेदार लड़के के घर में घुसे
अधिकारियों ने बताया कि इससे नाराज होकर लड़की के माता-पिता और रिश्तेदार लड़के के घर में घुस आए और उसकी मां के साथ अमानवीय व्यवहार किया। उन्होंने कहा, ‘सुबह 4 बजे सूचना मिलने पर हमारे पुलिस उप-निरीक्षक ने गांव का दौरा किया, उसके बाद अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी वहां पहुंचे। 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’ उन्होंने बताया कि काकाती पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। घटना पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि जिन लोगों ने अपराध किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिद्धरमैया बोले- सरकार ऐसे घृणित कृत्यों को नहीं करेगी बर्दाश्त
घटना को बेहद अमानवीय करार देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बाद में सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘इससे पूरे समाज का सिर शर्म से झुक गया है। हमारी सरकार किसी भी कारण से ऐसे घृणित कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले के संबंध में कुछ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी पूरी जिम्मेदारी है।’

इलाके का दौरा करने वाले गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इस घटना को अमानवीय करार दिया। उन्होंने बताया कि लड़की के परिवार के 10-15 सदस्यों ने युवक की मां पर हमला किया, जो घर पर अकेली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने महिला को बचाया और उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घर से जाने वाले युगल का पता लगाने और उन्हें वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *