जिम्बाब्वे के खिलाफ आज सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
नई दिल्ली। भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच आज हरारे में खेला जाना है। भारतीय टीम आज सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अभी तक भारत 2-1 से आगे है। युवा खिलाड़ी शुभमन गिल भी अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीतने के लिए उत्सुक होंगे। वहीं मैच के दौरान हरारे में मौसम विभाग के मुताबिक आसमान साफ और अच्छी धूप रहने वाली है। बारिश की संभावना बिलकुल भी नहीं है। मैच के दौरान तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं अगर पिच की बात करें तो हरारे की पिच बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों के लिए भी फायदेमंद है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती हैं।
आज का मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे दोनों ही टीमों के लिहाज से बहुत अहम है। अब तक के तीन मैचों की बात करें तो भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने सिर्फ पहले ही मैच में निराश किया था और जिम्बाब्वे की टीम का वही अच्छा प्रदर्शन था इसके अलावा वाकी के दो मैचों में भारतीय टीम का जबर्दस्त प्रदर्शन देखने को मिला है जबकि जिम्बाब्वे की टीम कुछ खास नहीं कर सकी है। आज के मैच में जिम्बाब्वे टीम के कप्तान सिकंदर रजा पर भी सबकी निगाहें रहेंगी। रजा अगर आज 17 रन बना लेते हैं तो टी20 इंटरनेशनल में उनके 2 हजार रन पूरे हो जाएंगे और जिम्बाब्वे की ओर से यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
चौथे टी20 में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन :
भारत : शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अवेश खान और तुषार देशपांडे।
जिम्बाब्वे : सिकंदर रजा (कप्तान), तदिवनाशे मरुमानी, वेसले मधवरे, क्लाइव मदांदे (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डायन मायर्स, वेलिंगटन मसाकाद्जा, जोनाथन कैंपबेल, रिचर्ड नगारावा, तेंदाई चतारा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
