मेरा तो डिमोशन हो गया, पीएम नरेंद्र मोदी से ऐसा क्यों बोले उमर अब्दुल्ला? कटरा-श्रीनगर रेल सेवा शुभारम्भ के लिए प्रधानमंत्री का जताया आभार
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कटरा-श्रीनगर रेल सेवा का शुभारम्भ करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया और उनकी प्रशंसा की। उमर ने कहा कि घाटी को रेल नेटवर्क से जोड़ने का जो काम अंग्रेज नहीं कर पाए, वो पीएम मोदी ने कर दिया। इसी के साथ उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग कर दी। उमर ने मोदी से कहा कि माता वैष्णो देवी की कृपा से मनोज सिन्हा साहब का तो प्रमोशन हुआ है लेकिन मेरा डिमोशन हुआ है। मैं एक राज्य का सीएम था, अब मैं एक केंद्र शासित प्रदेश का सीएम हूं। इसके पीछे उन्होंने पूरी कहानी भी बताई।
उमर बोले, वजीरेआजम साहब इसको किस्मत कहिए, मुकद्दर कहिए, जब कभी भी रेल के कोई बड़े प्रोग्राम हुए तो मेरी खुशकिस्मती रही है कि मुझे उसमें जुड़ने का मौका मिला। पहली बार जब अनंतनाग स्टेशन का उद्घाटन हुआ, जब बनिहाल रेल टनल का उद्घाटन हुआ और मेरी पिछली सरकार का आखिरी प्रोग्राम यहीं पर इसी जगह आपके साथ 2014 में कटरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन हुआ था।
इत्तेफाक की बात यह है कि उस कार्यक्रम में जो चार लोग शामिल थे वो आज भी यहां आपके साथ हैं। आप पहली बार पीएम बने थे, उसके बाद लगातार तीन बार आप पीएम बने, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी उस प्रोग्राम में मौजूद थे। यहां तक कि हमारे एलजी मनोज सिन्हा उस वक्त रेल राज्यमंत्री थे और मैं सीएम के तौर पर यहां था। अब मनोज सिन्हा साहब का तो प्रमोशन हुआ है लेकिन मेरा डिमोशन हुआ है। मैं एक राज्य का सीएम था, अब मैं एक केंद्र शासित प्रदेश का सीएम हूं। लेकिन मैं यह मान के चल रहा हूं कि इसे दुरुस्त होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा और आपके ही हाथों जम्मू-कश्मीर को दोबारा पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल होगा।
उमर बोले, घाटी में इस रेल सेवा का सपना कई लोगों ने देखा था। कश्मीर घाटी अब देश के बाकी हिस्सों से जुड़ गई है। इस अवसर पर, अगर मैं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र न करूं और उनका आभार न जताऊं तो यह मेरी भूल होगी। जब इस परियोजना की नींव रखी गई थी, तब मैं 8वीं में पढ़ता था। अब मैं 55 साल का हूं और आखिरकार इसका उद्घाटन हो ही गया। यह तभी संभव हो सका जब अटल बिहारी वाजपेयी ने इसे ‘राष्ट्रीय महत्व की परियोजना’ का दर्जा दिया और इसका बजट बढ़ाया।
