May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियों में भर दिया पानी मिला डीजल, पेट्रोल पंप सील

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में शामिल होने जा रही 19 गाड़ियां एक पेट्रोल पंप में डीजल भरवाने पहुंचीं तो वहां पानी मिला डीजल भर दिया गया। कुछ दूर जाने के बाद सभी गाड़ियां बंद हो गईं। जिसके बाद जांच की गई तो यह मामला खुला। इस प्रकरण के सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल उस पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। दरअसल रतलाम में आज ‘एमपी राइज 2025’ कॉन्क्लेव में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री के काफिले के लिए इन कारों को इंदौर से मंगवाया गया था।

ढोसी गांव में स्थित शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर 19 कारों में 20-20 लीटर डीजल भरवाया गया। डीजल भरवाने के बाद कुछ दूर जाकर गाड़ियों का इंजन बंद हो गया। इसके बाद गाड़ियां वहीं खड़ी हो गईं। सभी गाड़ियों में एक साथ आई खराबी के बाद डीजल को लेकर शक हुआ। मैकेनिक को बुलाकर जांच कराई गई। सभी गाड़ियों से डीजल खाली करवाया गया तो उसमें आधा पानी निकला। सूचना पाकर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और पेट्रोल पंप को सील कर दिया।

इंदौर से दूसरी गाड़ियों का इंतजाम किया गया जो सीएम के काफिले में शामिल होंगी। इस दौरान उसी पेट्रोल पंप से एक ट्रक ने भी 200 लीटर डीजल भरवाया और वो भी कुछ दूर जाकर बंद हो गया। इस मामले में पेट्रोल पंप कर्मी का कहना है कि बारिश के कारण रिसाव के चलते पानी जमीन के अंदर बने डीजल टैंक में भर गया जिसके चलते ऐसा हुआ। फिलहाल मामले की तफ्तीश की जा रही है। वहीं जब से यह मामला संज्ञान में आया है इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। मध्य प्रदेश शासन के आधाकारियों ने इसे सीएम की सुरक्षा में चूक मानते हुए पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed