April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एनडीए या विपक्ष किसका होगा उप राष्ट्रपति?, जानिए संख्याबल किसके पक्ष में

नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 की रात अचानक उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से उप राष्ट्रपति का पद अभी खाली है। चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग ने राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर बनाया है। माना जा रहा है कि उप राष्ट्रपति का चुनाव सितंबर में कराया जाएगा। इससे पहले नंबर गेम की भी चर्चा जोरों पर है। ये चर्चा हो रही है कि क्या बीजेपी अपने किसी सदस्य को उप राष्ट्रपति बना सकेगी या विपक्ष का पलड़ा भारी रहेगा? तो चलिए देख लेते हैं कि बीजेपी समेत एनडीए और विपक्ष में से किसके पास उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को जिताने के लिए नंबर हैं।

राष्ट्रपति के चुनाव में जहां लोकसभा और राज्यसभा के अलावा सभी राज्यों के विधायक वोट देते हैं। वहीं, उप राष्ट्रपति पद के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद ही हिस्सा लेते हैं। फिलहाल लोकसभा में बीजेपी और एनडीए के बाकी दलों को मिलाकर 293 सांसद हैं। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के पास सांसदों की संख्या 234 है। राज्यसभा में एनडीए के सांसदों की संख्या करीब 130 है। यहां विपक्ष के सांसदों की संख्या सिर्फ 79 है। अगर लोकसभा और राज्यसभा के कुल सांसदों की संख्या देखें, तो एनडीए के पास 423 सांसद हैं। जबकि, उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए लोकसभा और राज्यसभा के कुल 782 सांसदों में से 392 की ही जरूरत है। इस तरह बीजेपी नीत एनडीए का उम्मीदवार आसानी से उप राष्ट्रपति का चुनाव जीत जाएगा।

विपक्षी इंडी गठबंधन ने तय किया है कि वो उप राष्ट्रपति चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगा। वहीं, बीजेपी की तरफ से अपना प्रत्याशी उतारने की पूरी संभावना है। जगदीप धनखड़ भी बीजेपी की ही तरफ से एनडीए प्रत्याशी बनाए गए थे। हालांकि, उस वक्त बीजेपी को लोकसभा में 303 का जबरदस्त बहुमत था। जबकि, पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के 240 सदस्य ही चुने गए। ऐसे में ये कयासबाजी भी हो रही है कि उप राष्ट्रपति चुनाव में केंद्र की सरकार चला रहे जेडीयू चीफ नीतीश कुमार और तेलुगू देसम सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू किसी तरह का दबाव न डाल दें! ऐसे में सबकी नजर इस पर है कि उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए सरकार में शामिल दल किसे उम्मीदवार बनाते हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *