दिल्ली में पकड़ा गया पाकिस्तान से लाए हथियारों का जखीरा, आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे इंटरनेशनल आर्म्स रैकेट से जुड़े 4 तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इंटरनेशनल आर्म्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से पाकिस्तान से लाए हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है जिनमें 10 विदेशी पिस्टल और 92 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इन हथियारों को ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पंजाब में भेजा जाता था। इसके बाद इन्हें भारत में बेचा जाता था। इन विदेशी हथियारों को लॉरेश बिश्नोई गैंग, बमबीहा गैंग, गोगी और हिमांशु भाऊ गैंग को सप्लाई किया जाना था। क्राइम ब्रांच के अनुसार तस्करों का यह नेटवर्क पाकिस्तान आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा था।
जिन चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है उनका नाम अजय, मंदीप, दलविंदर और रोहन है। इनमें से दो तस्कर पंजाब और दो यूपी के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच के मुताबिक गुप्त सूत्रों से उनको इस बात का इनपुट मिला कि पंजाब से दिल्ली लाकर हथियारों की डीलिंग होने वाली है। इसी इनपुट के आधार पर दिल्ली के रोहिणी इलाके में दबिश देकर वहां से हथियारों की बरामदगी की गई। क्राइम ब्रांच इन चारों तस्करों से पूछताछ में उनके लिंक खंगाल रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये गिरोह कब से सक्रिय है, और कौन कौन लोग इस गिरोह का हिस्सा हैं। साथ ही उन्होंने अब तक किन किन लोगों को हथियार सप्लाई किए हैं इस बारे में भी तस्करों से राज उगलवाए जाएंगे।
क्राइम ब्रांच के अनुसार बरामद हथियार तुर्की और चीन में बने हैं। पहले ये हथियार चीन और तुर्की से पाकिस्तान लाए जाते और उसके बाद वहां से तस्करी कर भारत की सीमा के अंदर आईएसआई इनको भिजवाती थी। तस्करों से पूछताछ के बाद इस इंटरनेशनल आर्म्स रैकेट से जुड़े कई और राज फाश हो सकते हैं। गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल रिकॉर्ड की छानबीन चल रही है साथ ही उनके बैंक डिटेल्स की भी पड़ताल की जा रही है।
