February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चीन की यात्रा करते समय या वहां से गुजरते हुए सावधानी बरतें, भारत ने अपने नागरिकों को दी सलाह

नई दिल्ली। चीन के शंघाई हवाई अड्डे पर भारतीय महिला के साथ हुई हालिया घटना को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे चीन की यात्रा करते समय या उस देश से गुजरते समय उचित सावधानी बरतें और अपने विवेक का प्रयोग करें। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि चीनी अधिकारी यह आश्वासन देंगे कि चीनी हवाई अड्डों से गुजरने वाले भारतीय नागरिकों को चुनिंदा तौर पर निशाना नहीं बनाया जाएगा, मनमाने ढंग से हिरासत में नहीं लिया जाएगा या परेशान नहीं किया जाएगा और अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रा को नियंत्रित करने वाले नियमों का चीनी पक्ष द्वारा सम्मान किया जाएगा।

ब्रिटेन सरकार के द्वारा पंजाब वॉरियर्स स्पोर्ट्स इन्वेस्टमेंट फर्म पर प्रतिबंध लगाए जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम ब्रिटेन सरकार द्वारा भारत विरोधी उग्रवादी संगठन पर प्रतिबंध लगाने के लिए उठाए गए कदमों का स्वागत करते हैं, जिससे आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को बल मिलेगा और अवैध वित्तीय प्रवाह तथा अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। ऐसे व्यक्ति और संस्थाएं न केवल भारत और ब्रिटेन के लिए, बल्कि दुनिया भर के लोगों के लिए खतरा हैं। हम आतंकवाद-रोधी और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए ब्रिटेन के साथ मिलकर काम करना जारी रखने के लिए तत्पर हैं।

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हमले के संबंध में रणधीर जायसवाल ने कहा, हमने दोनों देशों की सीमा पर संघर्ष की रिपोर्टें देखी हैं जिनमें कई अफगान नागरिक मारे गए हैं। हम निर्दोष अफगान लोगों पर ऐसे हमलों की निंदा करते हैं। भारत अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता, संप्रभुता और स्वतंत्रता का पुरजोर समर्थन करता है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के मौजूदा हालात पर कहा, हम पाकिस्तान में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखते हैं। लेकिन जहां तक लोकतंत्र का सवाल है, पाकिस्तान में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। उसकी शक्तियां कमजोर हो रही हैं। लोकतंत्र और पाकिस्तान साथ-साथ नहीं चल सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *