पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की कार को लंदन में पुलिस ने रोककर ली तलाशी, वायरल हो रहा वीडियो
नई दिल्ली। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ लंदन में एक ऐसी घटना हो गई जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। हुआ यह कि मोहसिन नकवी की कार को पुलिस ने रुकवा लिया, इतना ही नहीं कार की अच्छी तरह से तलाशी भी ली गई। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना हुई मोहसिन नकवी खुद उस कार में मौजूद थे। नकवी ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय में अधिकारियों से मिलने जा रहे थे। वहीं इस घटना के बाद एक बार फिर से पाकिस्तान की दुनिया के सामने किरकिरी हो गई है।
पाकिस्तानी गृह मंत्री की कार की ब्रिटिश पुलिसकर्मियों के द्वारा तलाशी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए पहले कार की चेकिंग की गई और उसके बाद कार को अंदर जाने दिया गया। हालांकि इस वीडियो की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है और पाकिस्तानी सरकार की तरफ से भी इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। पाकिस्तान के एक पत्रकार सईद यूसुफजई ने कार की तलाशी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, गृह मंत्री मोहसिन नकवी ब्रिटिश अधिकारियों से मिलने के लिए यूके फॉरेन ऑफिस पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक मोहसिन नकवी पाकिस्तान में वांछित शहजाद अकबर और आदिल राजा के प्रत्यर्पण और रेपट्रिएशन को लेकर बातचीत करने पहुंचे थे। इन पर पाकिस्तान में गंभीर अपराधों और सुरक्षा से जुड़े मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं। उधर, सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडिया पर अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि कार में बम या अन्य किसी संदिग्ध वस्तु होने की तलाशी ली गई तो वहीं कुछ यूजर्स इस वीडियो के वायरल होने से अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान शासन के नेताओं की स्थिति को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं।
