जिस अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की मुंबई में बोलती थी तूती, उसकी बेटी लगा रही पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार
मुंबई। एक दौर था, जब मुंबई हाजी मस्तान के नाम से कांपती थी। हाजी मस्तान 1970 के दशक में मुंबई का अंडरवर्ल्ड डॉन था। अब उसी हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा ने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से न्याय दिलाने की अपील की है। हसीन मिर्जा का कहना है कि उसके ममेरे भाई से 1996 में जबरन शादी कराई गई। फिर उसने लगातार रेप और प्रताड़ित किया। साथ ही संपत्ति पर कब्जा करने के लिए हसीन मस्तान मिर्जा की पहचान चुरा ली। हाजी मस्तान की बेटी ने ये आरोप भी लगाया है कि उसके ममेरे भाई ने उससे पहले 8 और शादी की थी।
हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा का कहना है कि वो उस वक्त नाबालिग थी। हसीन के मुताबिक उस पर शादी के लिए दबाव डाला गया। उसे बहुत ज्यादा आघात पहुंचाया गया। जिसकी वजह से हसीन ने तीन बार खुदकुशी की कोशिश की। हसीन मस्तान मिर्जा का कहना है कि हर रोज बहुत सी घटनाएं हो रही हैं। रेप, हत्या जैसे वारदात हो रहे हैं। हसीन का कहना है कि उसके मामले को उसके पिता हाजी मस्तान से न जोड़ा जाए। हसीन ने कहा कि अगर कानून सख्त होगा, तो लोग अपराध करने से डरेंगे। इसी वजह से पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से अपील की है।
हसीन मस्तान मिर्जा ने पिछले हफ्ते इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें हसीन ने न्याय के लिए अपने लगातार संघर्ष के बारे में बताया था। हाजी मस्तान की बेटी का कहना है कि उसे कई साल से न्याय नहीं मिला है। बता दें कि हाजी मस्तान को मुंबई का पहला अंडरवर्ल्ड डॉन कहा जाता है। मुंबई (उस वक्त बॉम्बे) में हाजी मस्तान की कही बात को कोई टालने की जुर्रत नहीं करता था। हमेशा सफेद शर्ट, सफेद पैंट और सफेद जूते पहनने वाले हाजी मस्तान के बारे में बॉलीवुड में फिल्म भी बन चुकी है। वक्त अब ऐसा पलटा है, कि उसी हाजी मस्तान की बेटी को पीएम मोदी और अमित शाह से न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है।
