April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक में सीएम पद को लेकर फिर शुरू हुई रस्साकशी

नई दिल्ली। कर्नाटक में सीएम पद को लेकर एक बार फिर से रस्साकशी शुरू हो गई है। कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन के बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। विधायक इकबाल हुसैन ने कहा है कि कांग्रेस के 80 से 90 विधायकों ने पार्टी हाईकमान को चिट्ठी लिखकर डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी की मंशा है कि डीके शिवकुमार को इसी सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया जाए। इस बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं, वहां उनका कांग्रेस हाईकमान से मिलने का भी कार्यक्रम है।

विधायक इकबाल हुसैन ने आगे कहा कि हम कांग्रेस पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और इसीलिए यह मामला हमने पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया है। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि हर बेटे को अपने पिता से प्यार होता है मगर वो बार-बार सिद्धारमैया के पक्ष में बयानबाजी करके पार्टी हाईकमान को शर्मिंदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में अनुशासन से काम लेना चाहिए, बयानों से दूसरों को उकसाना नहीं चाहिए। वहीं कांग्रेस एमएलसी चन्नाराज हट्टीहोली का भी कहना है कि डीके शिवकुमार को जल्द ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।

बता दें कि यतींद्र सिद्धारमैया ने पिछले सप्ताह कथित तौर पर कहा था कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को पूरे 5 साल के लिए मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की हरी झंडी दे दी है। वहीं यतींद्र के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा था कि यतींद्र ऐसे बात कर रहे हैं जैसे वह खुद ही पार्टी हाईकमान हों, तो हमको उन्हें वैसे ही स्वीकार करना चाहिए। वो जो भी कह रहे हैं, मैं उनकी हर बात का सम्मानपूर्वक स्वागत करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *