सुनेत्रा पवार संभालेंगी एनसीपी अध्यक्ष की कुर्सी, शरद पवार गुट से एकजुटता फिलहाल खटाई में
मुंबई। विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद लग रहा था कि उनकी एनसीपी का शरद पवार के गुट से एका हो सकता है, लेकिन ऐसी खबर आई है, जिससे साफ है कि फिलहाल एनसीपी के दोनों गुट एक नहीं होने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वर्गीय अजित पवार की एनसीपी के नेताओं ने अब उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। सुनेत्रा पवार को एनसीपी अध्यक्ष बनाने पर 26 फरवरी को अंतिम मुहर लगने की खबर आई है।
अजित पवार ने चाचा शरद पवार से बगावत की थी। उन्होंने एनसीपी के ज्यादातर विधायकों और सांसदों को अपने पाले में कर लिया था। जिसकी वजह से चुनाव आयोग ने अजित पवार के गुट को असली एनसीपी मानते हुए पार्टी का चुनाव चिन्ह घड़ी सौंप दी थी। वहीं, अजित पवार के खिलाफ शरद पवार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली थी। जिस पर सुनवाई चल रही थी। अजित पवार और शरद पवार इसके बाद कई बार सार्वजनिक तौर पर मंच साझा करते नजर आए थे। जिससे अटकलों ने जोर पकड़ा था कि अजित और शरद पवार फिर एक हो सकते हैं। इन अटकलों ने बीते दिनों और जोर पकड़ा, जब महाराष्ट्र नगर निगम के चुनाव में अजित और शरद पवार ने पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में हाथ मिला लिया।
अजित पवार और शरद पवार के गठबंधन को दोनों ही जगह जनता का समर्थन हासिल नहीं हुआ था। चुनाव नतीजे आने के बाद ही अपने निर्वाचन क्षेत्र बारामती पहुंचते वक्त अजित पवार का विमान एयरपोर्ट के पास जमीन से टकरा गया था। इस हादसे में उनका निधन हो गया था। अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार ने कहा था कि भतीजे से एकजुट होने के लिए बातचीत जारी थी। जल्दी ही एनसीपी के दोनों गुटों को एक होना था। वहीं, सुनेत्रा पवार को एनसीपी ने पति अजित पवार की जगह महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया। इस पद को संभालने से पहले सुनेत्रा ने शरद पवार से बात या मुलाकात भी नहीं की थी। अब सुनेत्रा पवार एनसीपी का अध्यक्ष पद संभालती हैं, तो साफ है कि पार्टी के दोनों गुटों का एक होना फिलहाल संभव नहीं है।
