February 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी छोड़ें इंडिया गठबंधन की कमान, मणिशंकर अय्यर ने दी सलाह, नेता के तौर पर ममता बनर्जी का लिया नाम, कांग्रेस भड़की

नई दिल्ली। अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने अब राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन को लेकर कुछ ऐसी बात कह दी है कि वो कांग्रेस के ही निशाने पर आ गए हैं। मणिशंकर अय्यर का कहना है कि ममता बनर्जी ही इंडिया गठबंधन की नेता हैं। राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन के नेता बने रहने के बजाए किसी और को मौका देना चाहिए। अय्यर ने कहा कि छोटे दलों को मौका मिलना चाहिए। ममता दीदी, स्टालिन, अखिलेश यादव या तेजस्वी यादव अगर इंडिया गठबंधन की कमान संभालें जो वो एलायंस को ज्यादा समय दे पाएंगे।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने मणिशंकर अय्यर के ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का लीडर बताए जाने पर कहा, मुझे ये लगता है कि मणिशंकर अय्यर अपने स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं। पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है अब क्योंकि उनका राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने वाला है और वो इस बात को मान चुके हैं कि हमें अब राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा तो दबाव बनाने के लिए वो अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। कौन गठबंधन का नेता बनेगा, कौन गठबंधन का नेता नहीं बनेगा, यह मणिशंकर अय्यर तय नहीं करेंगे। उसका एक प्लेटफॉर्म है और वो प्लेटफॉर्म तय करता है कि कौन गठबंधन का नेता बनेगा।

उधर, बीजेपी के प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने मणिशंकर अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ममता बनर्जी से ज्यादा सक्षम मणिशंकर अय्यर ही हैं क्योंकि वो उनसे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं, आईएफएस रहे हैं, बहुत दिनों तक संसद में रहे हैं और कांग्रेस तथा इंडिया एलाइंस को भी जरूरत है। तो अगर मणिशंकर अय्यर को इंडिया एलाइंस का चीफ बनाया जाए, तो ज्यादा अच्छा होगा। उनका नाम कोई ले नहीं रहा है, इसलिए हम ले दिए हैं, उस पर चर्चा होनी चाहिए। इंडिया एलाइंस नाम की कोई वस्तु धरती पर है ही नहीं। कहीं इसका कोई ऑफिस है? कहीं इसका कोई चेयरपर्सन है, कोई झंडा है, यह सिर्फ मीडिया में नाम चलता रहता है, इसका कोई वजूद नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद इनके ही लोग इंडिया एलायंस का अंतिम संस्कार कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *