February 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मेक्सिको में हिंसा के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी और हेल्पलाइन नंबर

नई दिल्ली।  मेक्सिको में भड़की हिंसा के मद्देनजर हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास की ओर से अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। दूतावास की ओर से कहा गया है कि सुरक्षा अभियान जारी हैं और इसके चलते सड़कों पर नाकाबंदी और आपराधिक गतिविधियां चल रही हैं। जलिस्को राज्य (प्यूर्टो वल्लार्टा, चापाला और गुआडालाजारा क्षेत्र), तामाउलिपास राज्य (रेनोसा और अन्य नगर पालिकाएं), मिचोआकान राज्य, गुरेरो राज्य और नुएवो लियोन राज्य में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक अपने घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा भारतीय नागरिकों को कानून प्रवर्तन गतिविधियों वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अपने आसपास के वातावरण के प्रति सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की भी सलाह दी गई है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से स्थानीय मीडिया की खबरों पर नजर रखने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने को कहा गया है। भीड़ से बचने, अपने परिवार और दोस्तों को फोन, मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने स्थान और कुशलक्षेम की जानकारी देते रहने को भी दूतावास की ओर से कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 जारी किया गया है।

बता दें कि मैक्सिको की सेना के द्वारा रविवार को जेलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (जेएनजीसी) नाम के गैंग के सरगना ड्रग माफिया नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा उर्फ एल मेंचो के मारे जाने के बाद कोहराम मचा हुआ है। गैंग के सदस्य बदला लेने के लिए हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ड्रग माफिया एल मेंचो ने जलिस्को राज्य के छोटे शहरों काबो कोरिएंटेस और तोमाट्लान में लोकल पुलिस अधिकारी के रूप में काम किया था। बाद में नौकरी छोड़कर वो ड्रग तस्करी के धंधे में उतर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *