February 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और अन्य परिसरों पर इनकम टैक्स का छापा, खंगाले जा रहे दस्तावेज

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और उनके अन्य परिसरों पर इनकम टैक्स का छापा पड़ा है। विधायक के लखनऊ में गोमती नगर स्थित घर और ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है और 50 से ज्यादा अधिकारी दस्तावेजों की छानबीन कर रहे हैं। घर में मौजूद किसी भी शख्स को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा से विधायक हैं। इसके अलावा सोनभद्र में भी उमाशंकर सिंह से जुड़े परिसर पर आयकर विभाग की बड़ी टीम ने रेड मारी है।

जानकारी के अनुसार सुबह लगभग सात बजे अचानक इनकम टैक्स की टीम कई कारों में सवार होकर बीएसपी विधायक के परिसरों पर पहुंची। बताया जा रहा है कि जिन गाड़ियों में आयकर टीम छापा मारने पहुंची उनमें शादी के पैम्फलेट लगाए गए हैं ताकि किसी को शक न हो। बता दें कि उमाशंकर सिंह बीएसपी सुप्रीमो मायावती के काफी करीबी माने जाते हैं। वो तीन बार से रसड़ा से विधायक हैं। सबसे पहली बार साल 2012 में वो रसड़ा से विधायक बने थे। उमाशंकर सिंह कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं और इस वक्त लखनऊ आवास पर आइसोलेशन में हैं।

उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति के नाम से एक कन्स्ट्रक्शन कंपनी है जो सड़क निर्माण का काम करती है। इसके अलावा माइनिंग सेक्टर में भी उमाशंकर की कंपनी काम करती है। साथ ही बीएसपी विधायक के स्कूल और होटल भी हैं। विधायक की पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इनकम टैक्स विभाग की टीम खातों की डिटेल, आय व्यय का ब्योरा समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। इससे पहले पिछले साल मार्च में उमाशंकर सिंह के खिलाफ विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। छापेमारी के संबंध में बीएसपी विधायक या पार्टी की तरफ से फिलहाल कोई स्टेटमेंट जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *