February 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने सीएम पद पर ठोका दावा!

बेंगलुरु। कर्नाटक में अब तक सिद्धारामैया और डीके शिवकुमार के बीच ही सीएम पद को लेकर खींचतान की चर्चा होती रही है। इस चर्चा के बीच अब सीएम सिद्धारामैया की सरकार में गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने भी ऐसा बयान दिया है, जिससे लग रहा है कि कर्नाटक के सीएम पद के लिए वो भी ताल ठोक रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने कहा है कि अगर समर्थक सीएम पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव दे रहे हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। जी. परमेश्वर ने कहा कि उनकी काबिलियत पर कोई भी सवाल नहीं उठा सकता।

कर्नाटक कांग्रेस के कुछ नेताओं ने जी. परमेश्वर को राज्य का सीएम बनाने की मांग की थी। इस बारे में सवाल पूछे जाने पर परमेश्वर ने कहा कि अगर इसमें कुछ गलत है, तो बताइए। उसे मैं साफ करूंगा। सिद्धारामैया सरकार में गृहमंत्री परमेश्वर ने साथ ही कहा कि वो कई बार कह चुके हैं कि ऐसे मुद्दों पर सड़क पर चर्चा नहीं होती। इसकी एक प्रक्रिया है। परमेश्वर ने सवाल दागा कि कितनी बार उनको अपनी योग्यता साबित करनी होगी? उन्होंने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस कमेटी के आठ साल अध्यक्ष रहे, क्या बिना योग्यता के काम किया? उन्होंने ये भी कहा कि क्या बिना योग्यता के दो बार कांग्रेस को कर्नाटक की सत्ता में लाए?

जी. परमेश्वर ने कहा कि उन्होंने किसी से नहीं कहा कि सीएम पद के लिए नाम सुझा दे। उसके बाद उन्होंने ये भी कहा कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम भी वो रहे हैं। क्या बिना योग्यता के कोई इस पद पर काम कर सकता है?  फिर कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ये भी बोले कि सीएम पद पर पार्टी हाईकमान ही फैसला करेगा। उन्होंने ये भी कहा कि जब जरूरी होगा, तो दिल्ली जाएंगे और वहां जाने के लिए किसी से मंजूरी की जरूरत नहीं है। इस बीच, खबर है कि कांग्रेस हाईकमान ने 26 फरवरी को कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया है। शिवकुमार कुछ दिन पहले भी दिल्ली आकर राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *