War Update: इजरायल ने बेरुत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक, बहरीन में अमेरिकी एयरबेस पर ईरान ने किया अटैक
नई दिल्ली। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण भीषण तबाड़ी मची हुई है। ईरान की मदद कर रहे लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर अटैक किया था जिसके जवाब में इजरायल ने बेरुत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की है। इन हमलों की वजह से बहुत से लोग बेघर हो गए हैं। दूसरी तरफ, ईरान ने बहरीन में अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाते हुए अटैक किया है। ईरान मिडिल ईस्ट के देशों में अमेरिकी सैन्य बेसों पर हमला कर रहा है जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक बहरीन के शेख ईसा इलाके में आज सुबह उसने अमेरिकी एयरबेस पर 20 ड्रोन और तीन मिसाइलें दागीं। इस हमले में मेन कमांड और हेडक्वार्टर बिल्डिंग पूरी तरह से तबाह हो गई और फ्यूल टैंक जल गया। जॉर्डन, बहरीन और इराक में ईरान के ड्रोन हमलों के मद्देनजर अमेरिका ने वहां काम करने वाले अपने गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार को वहां से निकालना शुरू कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका के पास बहुत बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद हैं और अमेरिका लंबे समय तक इनसे युद्ध लड़ सकता है।
दूसरी तरफ इजरायल की वायु सेना लगातार ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला कर रही है। इजरायल ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है। ईरान की राजधानी तेहरान में पुराने संसद भवन के पास हमला हुआ है। बुशहर प्रांत के जाम और डिर शहरों पर अमेरिका और इजराइल के हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के पांच सैनिक भी मारे गए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल और अमेरिका ने मिलकर अब तक ईरान में 1000 से ज्यादा जगहों पर हमले किए हैं। इनमें अब तक 742 लोगों की जान जा चुकी है जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं।
