ईरान युद्ध का सोने और चांदी के भाव पर असर
नई दिल्ली। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का बाजार पर भी असर पड़ा है। कच्चे तेल की कीमत गिरने के बाद 90 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है। वहीं, सोना और चांदी उम्मीद के उलट गिर रहे हैं। 24 कैरेट सोने की कीमत 560 रुपए प्रति 10 ग्राम गिरकर 1.63 लाख रुपए हो गई है। वहीं, चांदी की कीमत में भी 1560 रुपए प्रति किलो की गिरावट आई है। जिसकी वजह से एक किलो चांदी फिलहाल 2.75 लाख रुपए में बिक रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमत में गिरावट देखी गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव 0.34 फीसदी गिरे हैं। हालांकि, प्रति औंस सोने के रेट 5200 डॉलर से ऊपर हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के भाव 0.32 फीसदी गिरकर 89.35 डॉलर प्रति औंस पर आए हैं। पहले ये माना जा रहा था कि ईरान से अमेरिका और इजरायल के युद्ध के कारण सोने और चांदी के भाव आसमान छू सकते हैं। क्योंकि 2025 से दोनों कीमती धातुओं की कीमत का ऐसा ही ट्रेंड देखने को मिला है। बाजार के जानकारों के मुताबिक सोना और चांदी अपनी रैली के बाद अभी थोड़ा सुस्ता रहे हैं। वहीं, डॉलर इंडेक्स में उछाल का असर भी दोनों की कीमतों में गिरावट के तौर पर देखा जा रहा है।
साल 2025 के जनवरी महीने से सोने की कीमत लगातार बढ़नी शुरू हुई थी। जबकि, 2024 के अंत में सोना करीब 79000 रुपए प्रति 10 ग्राम था। सोने के भाव ने बीते साल इतना उछाल लिया कि भारत के सर्राफा बाजार में इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंची थी। जबकि, चांदी भी चार लाख रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छूकर नीचे आई है। हालांकि, अभी ये कहना मुश्किल है कि सोना और चांदी में गिरावट का दौर जारी रहेगा। क्योंकि पिछले धनतेरस से दो दिन पहले दोनों की कीमत में बड़ी गिरावट आई, लेकिन फिर सोने और चांदी के भाव रॉकेट बन गए।
