मेरठ बनेगा शिवमय; 7 दिवसीय भव्य भगवान शिव कथा का ऐतिहासिक आयोजन
नरेंद्र बंसल
मेरठ। आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का अद्भुत संगम मेरठ में देखने को मिलेगा। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 1 अप्रैल से 7 अप्रैल 2026 तक 7 दिवसीय भगवान शिव कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से रात 8:30 बजे तक गढ़ रोड स्थित बुद्धा गार्डन में आयोजित होगा।
आयोजन का शुभारंभ 31 मार्च को सुबह 8:30 बजे नई सड़क स्थित भोलेश्वर शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा के व्यास के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक वक्ता डॉ. सर्वेश्वर जी श्रद्धालुओं को शिव भक्ति का संदेश देंगे। वे दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज के शिष्य हैं और अपनी प्रभावशाली वाणी के लिए जाने जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संतों द्वारा शिव भजन और कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। आयोजन को लेकर 29 मार्च को कथा स्थल पर प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई। संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी नरेशानंद जी ने बताया कि यह आयोजन संस्थान के ‘कामधेनु’ प्रकल्प को समर्पित है, जो देसी गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रहा है। वहीं, संयोजिका साध्वी सुश्री आर्या भारती ने बताया कि कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन के गूढ़ रहस्यों से परिचित कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, मेरठ में इस तरह का भव्य शिव कथा आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
