June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को किया गिरफ्तार, राजधानी में भारत विरोधी पोस्टर लगाए थे

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दहशतगर्द शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली की सीमा से शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया गया है। वो पहले लश्कर के लिए आतंकी मॉड्यूल बनाने का काम कर रहा था। दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर भारत विरोधी पोस्टर लगाने की घटना को शब्बीर ने ही किया था। शब्बीर के दिल्ली के पास होने की पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। माना जा रहा है कि शब्बीर अहमद लोन देश की राजधानी में बड़ी आतंकी वारदात करने वाला था। उससे दिल्ली पुलिस पूछताछ कर रही है।

बीते दिनों ही मीडिया में खबर आई थी कि खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली में बड़ी आतंकी वारदात होने का अलर्ट पुलिस को दिया है। इस अलर्ट के मिलने के बाद ही अब कश्मीरी आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ कर दिल्ली पुलिस ये जानने की कोशिश में हैं कि शब्बीर ने आतंकियों के कितने मॉड्यूल तैयार किए और उसके साथ और कौन-कौन दहशतगर्दी फैलाने की साजिश में शामिल है। इस बारे में दिल्ली पुलिस की तरफ से और विस्तृत जानकारी दिए जाने की संभावना है। दिल्ली से पहले भी कई आतंकियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

दिल्ली हमेशा से कश्मीरी आतंकियों के निशाने पर रही है। दिल्ली में लाल किले के पास उमर नाम के डॉक्टर ने कार बम में धमाका भी किया था। वो भी कश्मीरी था। उमर के अलावा कई और डॉक्टर भी आतंकी मॉड्यूल में शामिल मिले थे। इनमें कश्मीर का मुजम्मिल गनई और एक अन्य डॉक्टर भी है। इसके अलावा शाहीन सईद नाम की महिला डॉक्टर भी उमर के आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थी। डॉक्टरों वाला आतंकियों का ये मॉड्यूल भी जम्मू-कश्मीर से चलाया जा रहा था। श्रीनगर में आतंकियों की तरफ से पोस्टर लगाए जाने के बाद इस मॉड्यूल का खुलासा हुआ था। फिलहाल मामले की जांच एनआईए कर रही है। एनआईए ने लाल किला कार धमाका मामले में बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में कई जगह छापे भी मारे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *