August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, पुलिस कर रही जांच

नई दिल्ली। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में बीजेपी के दफ्तर के बाहर धमाका हुआ। सेक्टर-37 में बीजेपी दफ्तर की पार्किंग में हुए धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और धमाके वाली जगह को सील कर दिया। फॉरेंसिंक टीम भी पहुंचकर मौके से सैंपल जुटा रही है और पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि ब्लास्ट किस वजह से हुआ, मामले की जांच जारी है। वहीं इस धमाके की वजह से आस पास के लोग दहशत में हैं।

शुरुआती जांच के अनुसार, पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी में यह धमाका हुआ है। हालांकि इस धमाके की तीव्रता बहुत ज्यादा नहीं थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह स्कूटी किसकी है और यहां पर किसने खड़ी की? आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बीजेपी दफ्तर के बाहर सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है। आसपास के इलाके की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। एसएसपी कंवरदीप कौर भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। ब्लास्ट के संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोशल मीडिया पर लिखा, चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए धमाके की खबर सुनकर बेहद चिंतित हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि कार्यालय में मौजूद हमारे सभी नेतागण और कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हों। मैं स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे तुरंत इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *