अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ सीबीआई ने दर्ज किया नया केस
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उद्योगपति अनिल अंबानी, उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया है। इसमें एलआईसी को 3,750 करोड़ के हुए नुकसान का आरोप लगाया गया है। सीबीआई के अनुसार, एलआईसी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) में करीब 4500 करोड़ रुपये निवेश किया था। आरोप है कि कंपनी की वित्तीय स्थिति की गलत जानकारी देकर एलआईसी से यह निवेश कराया गया। रिलायंस कंपनी और उसके प्रबंधन ने इन पैसों का गलत इस्तेमाल किया और फंड को अलग-अलग कंपनियों के जरिए घुमाया, जिस वजह से उसे वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।
बता दें कि सीबीआई इससे पहले भी रिलायंस कम्युनिकेशंस और अनिल अंबानी के खिलाफ बैंकों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले दर्ज कर चुकी है। बैंक फ्रॉड मामले में सीबीआई ने पिछले साल अगस्त में अनिल अंबानी के घर और उनसे जुड़े कुछ अन्य परिसरों पर छापा मारा था। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने इससे पहले रिलायंस कम्युनिकेशंस और इसके प्रमोटर-निदेशक अनिल अंबानी दोनों को फ्रॉड घोषित किया था। रिलायंस अनिल धीरभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) की कंपनियों से जुड़े 40 हजार करोड़ रुपए के बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में चल रही सीबीआई और ईडी की जांच में अनिल अंबानी ने पूरी तरह से सहयोग देने का भी सुप्रीम कोर्ट में लिखित हलफनामा दिया था।
साथ ही कोर्ट से यह भी कहा था कि बिना इजाजत वो देश से बाहर नहीं जाएंगे। गौरतलब है कि इस केस से जुड़े धन शोधन मामले की जांच ईडी कर रही है। अनिल अंबानी कई बार ईडी के समक्ष पूछताछ के लिए पेश भी हो चुके हैं। ईडी ने अब तक की जांच में यह पाया है कि रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कॉमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) कंपनियों में बैंक से मिले फंड्स का गलत इस्तेमाल किया गया।
