April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने जारी की ईवी ड्राफ्ट नीति, जानिए वाहन खरीदने पर क्या मिलेगा फायदा?

नई दिल्ली। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने नई ड्राफ्ट ईवी नीति जारी की है। इस पर जनता से 30 दिन में सुझाव मांगे गए हैं। नई ईवी नीति में कहा गया है कि दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 1.5 लाख रुपए तक का फायदा होगा। जिसमें रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस पूरी तरह माफ होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों पर दिल्ली सरकार ने बड़ी सब्सिडी का प्रस्ताव भी किया है। अगर इस ईवी नीति को लागू किया जाता है, तो दिल्ली को वाहनों से होने वाले प्रदूषण से मुक्ति मिल सकती है।

दिल्ली की नई ईवी ड्राफ्ट नीति के तहत जो लोग पहले साल वाहन खरीदेंगे, उनको ज्यादा फायदा होगा। ईवी नीति में प्रस्ताव है कि 2.25 लाख तक की ईवी दोपहिया खरीद पर पहले साल अधिकतम 30000 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। दूसरे साल ये सब्सिडी 20000 और तीसरे साल 10000 होगी। इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर खरीदने पर 50000 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। दूसरे साल ये सब्सिडी 40000 और तीसरे साल 30000 रुपए होगी। बैटरी वाले छोटे कमर्शियल ट्रकों पर पहले साल 1 लाख रुपए, दूसरे साल 75000 रुपए और तीसरे साल 50000 रुपए की सब्सिडी देने का प्रस्ताव है।

दिल्ली की ईवी ड्राफ्ट नीति में पुराने पेट्रोल या डीजल वाहन को स्क्रैप करने पर 1 लाख तक का इंसेंटिव देने की भी बात है। ईवी की ड्राफ्ट नीति में बताया गया है कि सब्सिडी की रकम वाहन खरीदने वालों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। साथ ही दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने का नेटवर्क तैयार करने और सभी डीलरों के यहां चार्जिंग प्वॉइंट बनाने की भी इसमें बात कही गई है। दिल्ली की नई ईवी नीति को संविधान के अनुच्छेद 21 से प्रेरित बताया गया है। संविधान का ये अनुच्छेद हर नागरिक को जीवन का अधिकार देता है। दिल्ली में जबरदस्त प्रदूषण होता है। जिसमें वाहनों से होने वाले प्रदूषण का बड़ा हिस्सा होता है। बीजेपी ने दिल्ली में सरकार बनाने के बाद प्रदूषण घटाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *