कर्नाटक कांग्रेस में नया बखेड़ा!, हाईकमान के निर्देश पर सीएम सिद्धारामैया को अपने राजनीतिक सचिव को हटाना पड़ा
बेंगलुरु। कर्नाटक कांग्रेस में नया बखेड़ा होता दिख रहा है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में सीएम सिद्धारामैया को अपने राजनीतिक सचिव नजीर अहमद को पद से हटाना पड़ा है। कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर नजीर अहमद को कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया ने अपने राजनीतिक सचिव पद से हटाया है। ये सबकुछ उस वक्त हुआ है, जब कर्नाटक कांग्रेस के 13 विधायक पार्टी आलाकमान से बातचीत के लिए दिल्ली पहुंचे हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक के दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उप चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण नजीर अहमद को सिद्धारामैया ने हटाया। बताया जा रहा है कि राज्य के खुफिया विभाग के इनपुट और कांग्रेस के उच्चस्तर को दी गई रिपोर्ट के बाद सिद्धारामैया ने नजीर अहमद को पद से हटाने की कार्रवाई की। कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारामैया से साफ कहा था कि उनको नजीर अहमद को हटाना होगा। खबर ये भी है कि सिद्धारामैया के एक और करीबी और जेडीएस के पूर्व नेता जमीर अहमद खान के खिलाफ भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की जांच हुई है। बीते दिनों ही कर्नाटक अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष का भी इस्तीफा हुआ था।
कर्नाटक में पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से आए दिन बखेड़े खड़े होते रहे हैं। कई बार ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ा कि सिद्धारामैया को हटाकर डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार सत्ता संभालने वाले हैं। कुछ महीने पहले ऐसी ही खबरों ने जोर पकड़ा था। उस वक्त कांग्रेस हाईकमान के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ था। इसके बाद डीके शिवकुमार और सिद्धारामैया ने एक-दूसरे को ब्रेकफास्ट पर आमंत्रित कर बातचीत की थी। शिवकुमार ने इसके बाद कहा था कि उन्होंने कभी सीएम सिद्धारामैया के कामकाज पर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, अब कांग्रेस के विधायक दिल्ली में हैं और माना जा रहा है कि वो कर्नाटक में सीएम के पद के लिए हाईकमान से बात करने वाले हैं। वैसे सिद्धारामैया ने कांग्रेस विधायकों के दिल्ली पहुंचने को गलत नहीं माना है।
