तैयार रखिए अपने कागजात, दिल्ली समेत इन 23 राज्यों में चुनाव आयोग जल्दी शुरू कराने जा रहा एसआईआर
नई दिल्ली। अपने कागजात तैयार रखिए। चुनाव आयोग जल्दी ही दिल्ली समेत बाकी बचे 23 राज्यों में वोटरों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का काम शुरू कराने जा रहा है। अब तक चुनाव आयोग ने बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी, केरल, तमिलनाडु, पुदुचेरी समेत 10 राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों का एसआईआर कराया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली समेत बाकी राज्यों में एसआईआर की एलान अगले हफ्ते किया जा सकता है। पहले चुनाव आयोग ने कहा था कि अप्रैल में शेष राज्यों में एसआईआर शुरू कराया जाएगा, लेकिन पश्चिम बंगाल समेत 4 राज्यों और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के कारण एसआईआर शुरू नहीं कराया जा सका।
अब चुनाव आयोग दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, उत्तराखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दादरा नगर हवेली, दमन और दीव, कर्नाटक, महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा में एसआईआर का काम कराएगा। इनमें से कई राज्यों में 2027 में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। चुनाव आय़ोग की ओर से इस साल 19 फरवरी को दिए गए निर्देशों के तहत उपरोक्त सभी राज्यों में वोटर लिस्ट की मैपिंग का काम किया गया है। अब वोटरों को एसआईआर का फॉर्म बांटा जाएगा और फिर फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी।
चुनाव आयोग ने अब तक 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का काम पूरा किया है। सबसे पहले चुनाव आयोग ने बिहार में एसआईआर कराया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने केरल, तमिलनाडु, पुदुचेरी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, गोवा, लक्षद्वीप, यूपी, पश्चिम बंगाल और अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में एसआईआर का काम कराया था। इनमें से बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुदुचेरी में एसआईआर के बाद आई नई वोटर लिस्ट के आधार पर विधानसभा चुनाव भी हो चुके हैं। एसआईआर पर पश्चिम बंगाल में सियासत भी गर्माई थी। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यहां वोटरों के नामों पर फैसला लेने के लिए 700 जजों को भी नियुक्त करना पड़ा था। अब भी पश्चिम बंगाल के करीब 27 लाख वोटरों की किस्मत पर 19 ट्रिब्यूनलों को फैसला लेना बाकी है।
