May 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पुलिस चौकी पर भीड़ का हमला, मस्जिद के लाउडस्पीकर की तेज आवाज के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बाद जमकर पथराव और तोड़फोड़

आसनसोल। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में मस्जिद में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के खिलाफ शिकायत के बाद पुलिस ने दखल दिया। जिसके बाद आसनसोल में शुक्रवार रात जमकर बवाल हुआ। आसनसोल नॉर्थ थाने के तहत जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने धावा बोल दिया। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ लड़कों ने कानून हाथ में लेते हुए पुलिस चौकी को नुकसान पहुंचाया।

लोगों के मुताबिक आसनसोल में हुई घटना की वजह मस्जिद में तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाने की शिकायत के बाद कार्रवाई थी। बताया जा रहा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दखल दिया और लाउडस्पीकर बजाने पर रोक लगाने की कोशिश की। इससे वहां तनाव फैल गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज जहांगीरी मोहल्ला में रहने वाले सैकड़ों लोग पुलिस चौकी पहुंचे और वहां नारेबाजी होने लगी। इसके बाद अचानक भीड़ उग्र हो गई। उसने जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी को घेर लिया और जमकर पथराव करने लगी। कुछ लोग चौकी के भीतर घुसे और वहां भी तोड़फोड़ की।

जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी के सामने सड़क ईंट-पत्थरों से पट गई। कई बाइक को उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पलटवार करते हुए भीड़ पर जमकर लाठियां चलाईं और आंसू गैस के गोले दागे। उपद्रव के बाद आसनसोल के जहांगीरी मोहल्ला और आसपास बड़ी तादाद में केंद्रीय बलों समेत पुलिस को तैनात किया गया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी पीवीजी सतीश ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इससे पहले शुक्रवार दिन में कोलकाता के राजाबाजार इलाके में भी सड़क पर नमाज रोके जाने के बाद नमाजियों ने जमकर नारेबाजी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *