ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक पर एफआईआर, धमकाने और भड़काऊ भाषण देने का आरोप
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे बिधाननगर उत्तर की साइबर क्राइम पुलिस ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी पर एफआईआर दर्ज की है। अभिषेक बनर्जी पर आरोप है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान कई चुनावी रैलियों में जानबूझकर धमकी देने और भड़काऊ भाषण दिए। शिकायत में कहा गया है कि अभिषेक के भाषण शांति को खतरा, नफरत भरे और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने वाले हैं।
बिधाननगर उत्तर साइबर क्राइम पुलिस को ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ राजीव सरकार नाम के शख्स ने शिकायत दी थी। शिकायत में अभिषेक की ओर से 27 अप्रैल से 3 मई के बीच भाषणों का उदाहरण दिया गया। पुलिस ने इस पर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दंगा भड़काने के इरादे से भड़काने, नफरत फैलाने समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया। शिकायत में कहा गया है कि अभिषेक बनर्जी ने महेशतला, हरिनघाटा, आरामबाग और नंदीग्राम में रैलियों में विवाद पैदा करने वाली बातें कहीं। अभिषेक बनर्जी के इन भाषणों को ‘अभिषेक बनर्जी ऑफिशियल’ नाम के फेसबुक पेज और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित करने की बात भी शिकायत में कही गई है।
अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान एक जगह कहा था कि 4 मई की शाम को देखेंगे कि दिल्ली से कौन बाप बचाने आता है। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी ने चुनाव के दौरान ये भी कहा था कि वो अमित शाह को चैलेंज करते हैं कि दम है, तो 4 मई को कोलकाता में रहें। 12 बजे के बाद मुलाकात होगी। अभिषेक ने अमित शाह के लिए कहा था कि आप कितने बड़े गुंडे हैं, 4 तारीख को पता चलेगा। उन्होंने कहा था कि खेला आप लोगों ने शुरू किया है, खत्म टीएमसी करेगी। बाद में उन्होंने अपने बयान पर तेवर नरम कर लिए थे और कहा था कि बीजेपी नेता पश्चिम बंगाल आएं, लेकिन सिर्फ चुनाव के वक्त नहीं।
