May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया को बुलाया दिल्ली, फिर तेज हुईं नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें

बेंगलुरु। कर्नाटक में एक बार फिर सीएम बदले जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसकी वजह सीएम सिद्धारामैया को दिल्ली बुलाया जाना है। खबरों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया को 26 मई को दिल्ली बुलाया है। ऐसे में फिर से अटकलें लगने लगी हैं कि कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में विचार कर रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को तीन साल पूरे हो चुके हैं। सिद्धारामैया के सीएम बने ढाई साल पूरा होने के साथ ही कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों ने जोर पकड़ना शुरू किया था।

सिद्धारामैया सरकार में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार ये दावा करते रहे हैं कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन होगा, लेकिन अब तक ऐसा कोई कदम कांग्रेस आलाकमान की ओर से नहीं उठाया गया है। इस बीच, कई बार डीके शिवकुमार और सिद्धारामैया दिल्ली आकर राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात भी कर चुके हैं। सिद्धारामैया ने बीते दिनों ये कहा था कि कांग्रेस आलाकमान फैसला ले, क्योंकि आए दिन नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के कारण सरकार चलाने में भी दिक्कत आती है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान और सिद्धारामैया के बीच बैठक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव पर चर्चा होगी।

डीके शिवकुमार के कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष रहते पार्टी ने चुनाव जीता था, लेकिन शिवकुमार की जगह सिद्धारामैया को सीएम बनाया गया। उस वक्त शिवकुमार के सांसद भाई डीके सुरेश ने इस पर नाराजगी भी जताई थी। हालांकि, अब तक डीके शिवकुमार ने कभी भी खुलकर सिद्धारामैया का विरोध नहीं किया है। कुछ महीनों पहले अटकलों ने जोर पकड़ा था कि शिवकुमार ने सिद्धारामैया के खिलाफ ताल ठोक दी है, लेकिन दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को नाश्ते पर बुलाया और फिर साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया था। ऐसे में अब सबकी नजर सिद्धारामैया के दिल्ली दौरे पर लगी है। क्या इस बार कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन का कदम उठाएगा या अटकलें इस बार भी हकीकत बनते-बनते रह जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *