June 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हमला कर 11 बच्चों समेत 13 लोगों की जान ली, तालिबान से फिर सैन्य संघर्ष के आसार

काबुल। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर एक बार फिर आम लोगों की जान लेने का आरोप लगाया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन कर कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांत में आम लोगों के घरों पर बमबारी की। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक पाकिस्तान के ताजा हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग की जान गई। जबकि, 14 घायल हुए।

पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में किए गए हमलों के बाद अब दोनों देशों के बीच फिर सैन्य संघर्ष छिड़ने के आसार हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने जब भी अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक कर लोगों की जान ली, तो तालिबान ने उसके खिलाफ जमकर पलटवार किए। अफगानिस्तान पर तालिबान के फिर सत्तारूढ़ होने के बाद कई बार पाकिस्तान से सैन्य संघर्ष हो चुका है। हर बार तालिबान और पाकिस्तान के सैन्य संघर्ष को रुकवाने के लिए कतर, सऊदी अरब और तुर्की को मध्यस्थता करनी पड़ी है। इसके बावजूद पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान पर आए दिन बमबारी होती रहती है।

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार लगातार ये आरोप लगाती है कि पाकिस्तान अपने यहां अल-कायदा और अन्य आतंकी गुटों को पनाह दे रहा है। जो अफगानिस्तान में घुसकर हमले करते हैं। वहीं, पाकिस्तान हमेशा आरोप लगाता है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से तहरीक-ए-तालिबान को शह मिलती है। जो पाकिस्तान में सेना पर हमले करता है। इसके अलावा अफगानिस्तान हमेशा कहता है कि उसके और पाकिस्तान के बीच बनाई गई सीमा रेखा यानी डूरंड लाइन मंजूर नहीं है। इस मुद्दे पर भी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दशकों से टकराव रहा है। अफगानिस्तान में जब पहले तालिबान का शासन था, तब पाकिस्तान से उसके रिश्ते बहुत आत्मीय थे, लेकिन फिलहाल अफगानिस्तान पर जो तालिबान काबिज है, उससे पाकिस्तान को दिक्कत हो रही है। शायद इसी का बदला लेने के लिए पाकिस्तान आतंकवादियों के ठिकानों पर बमबारी का नाम लेकर अफगानिस्तान में बच्चों तक की बर्बर हत्या कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *