ज्यादा एथेनॉल वाला पेट्रोल सस्ता मिलेगा, सरकार ने एक्साइज ड्यूटी न लेने का फैसला किया
नई दिल्ली। आम लोगों को ज्यादा एथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते केंद्र सरकार ने नया कदम उठाया है। सरकार ने तय किया है कि ई22, ई25, ई27 और ई30 पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी नहीं देनी होगी। यानी इन श्रेणी के पेट्रोल की कीमत ई20 और प्रीमियम श्रेणी से कम होगी। हालांकि, ज्यादा एथेनॉल वाला पेट्रोल हर गाड़ी में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। ऐसे पेट्रोल को इस्तेमाल करने वाली गाड़ी का इंजन अलग होता है।
बीते दिनों ही मोदी सरकार ने ई85 पेट्रोल लॉन्च किया था। जिसमें 85 फीसदी एथेनॉल और सिर्फ 15 फीसदी पेट्रोल होगा। ऐसे पेट्रोल के लिए मारुति ने एक कार भी लॉन्च की है। जिसका इंजन फ्लेक्स फ्यूल वाला है। सरकार इसके अलावा ई100 ईंधन भी बाजार में लाना चाहती है। जिसमें सौ फीसदी एथेनॉल होगा। हालांकि, ऐसे ईंधन के लिए कंपनियों को अलग इंजन वाली गाड़ियां बनानी होंगी और उन गाड़ियों की कीमत भी ज्यादा होनी तय है। दरअसल, सरकार का इरादा है कि पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्भरता जितनी कम की जा सके, उतनी की जाए। क्योंकि इसमें काफी विदेशी मुद्रा खर्च होती है।
केंद्र सरकार ने इससे पहले ईवी को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी देने का फैसला किया था। इसके बावजूद ईवी की बिक्री उतनी ज्यादा नहीं हो रही थी। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद जब पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़े और संकट आया, तो लोगों ने ईवी की ओर ज्यादा रुख करना शुरू किया है। सबसे अहम बात है कि सरकार ने अब देशभर में 5000 ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का फैसला किया है। चार्जिंग स्टेशन्स के अभाव में लोगों का रुझान ईवी की तरफ नहीं हो रहा था। ईवी के साथ ही अगर ज्यादा एथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां लोग इस्तेमाल करना शुरू करते हैं, तो इससे आम लोगों की जेब पर कम बोझ भी पड़ेगा और गन्ना किसानों को दोहरा फायदा भी मिलेगा। क्योंकि गन्ने के शीरे से ही एथेनॉल बनाया जाता है।
