शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताते हुए दी बधाई, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल को टैग की पोस्ट
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस में मचे राजनीतिक घमासान के बीच पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त बताते हुए उन्हें बधाई देते हुए उनके साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। शॉटगन के नाम से मशहूर सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, सच्ची खेल भावना के साथ, मेरे दोस्त और समाज तथा देश के मार्गदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह शायद अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है। आपके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं। जय हिंद।
शत्रुघ्न सिन्हा ने ऐसे समय पर यह पोस्ट की है जब उनका नाम टीएमसी के बागी सांसदों की लिस्ट में होना बताया जा रहा है। इसको लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने हालांकि चुप्पी साध रखी थी मगर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई देकर उन्होंने एक नई हलचल मचा दी है। उनकी इस पोस्ट को लेकर अब कयास लगने शुरू हो गए हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के इस ट्वीट में एक और खास बात है जिस पर ध्यान देना जरूरी है। शत्रुघ्न ने अपनी इस पोस्ट को तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और 2022 में राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार रहे यशवंत सिन्हा को टैग किया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को ही टीएमसी के उन 19 सांसदों की एक लिस्ट सामने आई थी जिन्होंने अपना अलग गुट बनाने का दावा करते हुए एनडीए को समर्थन का पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपा है। उस लिस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान, ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वाली सांसद सायोनी घोष, मिताली बाग का भी नाम है। वहीं, टीएमसी के तीन राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे चुके हैं। दूसरी तरफ बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और टीएमसी के बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने दावा है कि उनके पास मौजूदा समय में 64 विधायकों का समर्थन है।
