June 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आंधी-बारिश में गिरी मकान की छत, मलबे में दबकर छात्र की मौत, भाई गंभीर

मोहित बंसल –

मेरठ। थाना जानी क्षेत्र के गांव टिकरी में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

जानकारी के अनुसार गांव टिकरी निवासी ऋषिपाल के मकान की छत गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय ऋषिपाल के दोनों बेटे कमरे की छत पर बने हिस्से में सो रहे थे और पढ़ाई भी वहीं करते थे। छत गिरने से दोनों भाई मलबे में दब गए। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से छत क्षतिग्रस्त हुई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संजय और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल जानी खुर्द स्थित शिवम हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने छोटे बेटे रितेश (18) पुत्र ऋषिपाल, जो कक्षा 11 का छात्र था, को मृत घोषित कर दिया। वहीं बड़ा बेटा रचित (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार चल रहा है।

बताया गया कि ऋषिपाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्राम प्रधान संजय ने बताया कि ऋषिपाल बेहद गरीब परिवार से है। उन्होंने कहा कि बच्चे की क्षति की भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन सरकार को पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराना चाहिए। पूर्व प्रधान संदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य अतुल पूनिया और समाजसेवी जाकिर मलिक सहित अन्य लोगों ने भी सरकार से पीड़ित परिवार की मदद की मांग की।

मौके पर थाना जानी पुलिस, लेखपाल विभु राजवंशी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *