June 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शाहदरा रेलवे स्टेशन पर यात्री की पीट-पीटकर हत्या, ट्रेन में चढ़ने को लेकर सहयात्रियों से हुआ था विवाद

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद और मारपीट में एक यात्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान यूपी के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 6 बजे शाहदरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में अत्यधिक भीड़ होने के चलते ट्रेन में चढ़ने को लेकर पंकज का कुछ अन्य सहयात्रियों से विवाद हो गया। इसके बाद सहयात्रियों ने पंकज को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरी छानबीन के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना में कितने लोग शामिल थे। वहीं मारपीट की इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग पंकज को मारते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं एक आरपीएफ कर्मी बीच-बचाव करता हुआ दिख रहा है।

लोग बने रहे तमाशबीन, किसी ने नहीं की बचाने की कोशिश

ऐसा बताया जा रहा है कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे, किसी ने भी पंकज को बचाने का प्रयास नहीं किया। यहां तक कि आरपीएफ की मौजूदगी में यह घटना हुई। मामले को गंभीर होता देख मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के एक कांस्टेबल ने बीच बचाव किया लेकिन तब तक पंकज की हालत बिगड़ चुकी थी और वो लगभग अचेत हो गए थे। पंकज को तुरंत गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक मारपीट में पंकज को अंदरूनी चोट आई और इसी वजह से उसकी जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *