August 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणवी गायक अंकित बालियान की पत्नी ने दी आत्मदाह की धमकी, सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

नई दिल्ली। हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद अभी तक पुलिस हत्यारों को पकड़ नहीं पाई है। अंकित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बीच अंकित की पत्नी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। अंकित की पत्नी ने कहा कि अगर हत्यारे पकड़े नहीं गए तो मैं अपने घर के अन्य लोगों के साथ सीएम आवास के बाहर आत्मदाह कर लूंगी। अंकित की पत्नी ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि हत्यारे सोशल मीडिया पर वीडियो डाल रहे हैं इसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रही है?

इससे पहले मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। हमारी 8 टीमें हरियाणा में काम कर रही हैं और उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों में भी टीमें तैनात की गई हैं। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही इस केस को सुलझा लेंगे और दोषियों को पकड़ लेंगे। आपको बता दें कि 26 अगस्त शाम के लगभग 7 बजे शामली में अज्ञात हमलावरों ने अंकित बालियान को गोलियों से छलनी कर दिया था। अंकित उस वक्त जिम करने के बाद बाहर निकले थे। बदमाशों ने सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर अंकित की हत्या की और उसके बाद फरार हो गए।

इस हत्याकांड के अगले दिन गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया नाम के एक शख्स के द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली गई जिसमें उसने अंकित के मर्डर की जिम्मेदारी ली थी। उसने कहा था कि अंकित हमारे दुश्मनों का साथ देता था। हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था और हमारे दुश्मनों का आपराधिक कामों में साथ देता था। इसका अंजाम इसको मिल गया। अब जो भी हमारे दुश्मनों की मदद करेगा उसका हाल भी यही होगा। अंकित की हत्या से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *